राजघाट पर बन रहा पक्का घाट अब होगा 180 मीटर
राप्ती नदी के तट पर निर्माणाधीन पक्के घाट की लंबाई अब 180 मीटर होगी। सिंचाई विभाग पक्के घाट का निर्माण कर रहा है। अभी तक सिंचाई विभाग द्वारा 150 मीटर लंबे घाट का निर्माण कराया जा रहा था। नगर निगम द्वारा बनाये जा रहे शवदाह गृह तक पक्का घाट निर्माण के लिए 5 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इस रकम को नगर निगम सिंचाई विभाग को मुहैया कराया जाएगा।
सिंचाई विभाग द्वारा राप्ती तट पर पक्के घाट का निर्माण कराया जा रहा है। पहले 100 मीटर लंबाई में पक्के घाट का निर्माण किया जाना था। इसके बाद 50 मीटर और विस्तार कर दिया गया। करीब 19 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे पक्के घाट को अब और विस्तार दिया जा रहा है। नगर निगम के शवदाहगृह तक पक्के घाट का विस्तार को मंजूरी मिल गई है। नगर निगम अब 30 मीटर घाट के लिए 5 करोड़ रुपये देगा। घाट के विस्तार के लिए बजट की मंजूरी भी मिल गई है। नगर निगम के मुख्य अभियंता सुरेश चन्द्र का कहना है कि पक्का घाट निर्माणाधीन शव दाहगृह तक पहुंचे इसके लिए घाट का विस्तार किया जा रहा है। इसके लिए 5 करोड़ रुपये मंजूर हो गए हैं। शवदाह गृह भी जल्द ही बन कर तैयार हो जाएगा।